डीसी ने ली जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक

डीसी अपराजिता ने कहा कि किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण (एचपीवी) अभियान में तेजी लाएं। इसको लेकर आमजन को जागरूक करें और अपनी प्रफोर्मेंस में सुधार लाएं। स्कूलों में पीटीएम आयोजित कर अभिभावकों को वैक्सीन के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। साथ ही 14 वर्ष की किशोरियों के टीकाकरण के लिए अभिभावकों से लिखित सहमति लेना सुनिश्चित करें। डीसी अपराजिता सोमवार को एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे रहीं थीं। उन्होंने कहा कि यह टीका बेटियों को भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में अहम भूमिका निभाएगा। इसलिए स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूट न जाए। बैठक में सामने आया कि सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक जानकारियों के कारण कुछ अभिभावक टीकाकरण से हिचकिचाते हैं। इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी व आशा वर्कर्स घर-घर जाकर महिलाओं को जागरूक करें और भ्रांतियों को दूर करें। इसी प्रकार चिकित्सकों के वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों तक सही जानकारी पहुंचाएं। साथ ही पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों को अभियान से जोड़कर जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। डीसी अपराजिता ने जिला वासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और बेटियों के स्वस्थ व सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। सिविल सर्जन डा. रेणु चावला ने बताया कि जिले में टीकाकरण का प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। टीकाकरण सभी सीएचसी व पीएचसी केंद्रों पर किया जा रहा। इस अवसर पर डीडीपीओ रितु लाठर, जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरजीत कौर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *