180 ग्राम अफीम सहित आरोपी पिता-पुत्र काबू
जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी रामथली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते पुलिस टीम पर हमला कर भागने की कोशिश करने वाले आरोपी पिता-पुत्र को 180 ग्राम अफीम सहित काबू किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चौकी रामथली पुलिस प्रभारी एसआई राजबीर सिंह की टीम गश्त दौरान गुहला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई कि एक सिल्वर रंग की क्रेटा गाड़ी में सवार व्यक्ति नाजायज असला लेकर खरका की तरफ से आकर चीका की ओर जाएगा। जिसे नाकाबंदी करके अवैध असले सहित काबू किया जा सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत दो पुलिस पार्टियां गठित कर गुहला-चीका रोड पर नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध क्रेटा गाड़ी दिखाई दी, जिसे रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया और पीछे खड़ी पुलिस गाड़ी को टक्कर मार दी। इतना ही नहीं, चालक ने पुलिस कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी और बार-बार गाड़ी से टक्कर मारकर रास्ता बनाने की कोशिश की। पुलिस द्वारा दोनों तरफ से घेराबंदी करने पर गाड़ी बीच में फंस गई। इसी दौरान गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों ने अपने पास रखी पारदर्शी पोलोथीन में मौजूद नशीले पदार्थ को निगलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मियों की सतर्कता के चलते तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों के मुंह से पदार्थ बरामद कर लिया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान साधा राम तथा उसके पुत्र गुरमुख दोनों निवासी डेरा बाजीगर चाणचक के रूप में हुई। जांच के दौरान गुरमुख सिंह के पास से 95 ग्राम तथा साधा राम के पास से 85 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसका कुल वजन 180 ग्राम है। जिस बारे थाना गुहला में मामला दर्ज कर मौके पर पहुंचे एएसआई संदीप कुमार द्वारा आरोपियों को काबु कर गाड़ी जब्त कर ली गई। आरोपी साधा राम का अदालत से 4 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया, जबकि आरोपी गुरमुख को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
