प्रदेश में 324 व कैथल जिले में 18 क्रेच का किया ऑनलाइन उद्घाटन
पुलिस लाइन में क्रेच का उद्घाटन करते एडीसी दीपक बाबू लाल कारवा
-7 माह से 6 साल के बच्चों को मिलेगी हर सुविधा
कैथल खबर (27 जनवरी) : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दूसरे कार्यकाल में उनके नेतृत्व में बनी सरकार के 100 दिन पूरा होने पर सोमवार को जिले में कामकाजी अभिभावकों के बच्चों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 18 क्रेच का उद्घाटन किया। उन्होंने चंडीगढ़ से पूरे प्रदेश की 324 क्रेच का उद्घाटन किया। जिसमें कैथल की 18 क्रेच शामिल हैं। जिलास्तर पर पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम में एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने क्रेच का व बलराज नगर में नगर परिषद अध्यक्षा सुरभि गर्ग ने क्रेच कम आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया।
एडीसी दीपक बाबू लाल कारवा ने बच्चों को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलौनों से लेकर स्टोर रूम में रखने सामान को जांचा। उन्होंने रसोई में रखे सामान का निरीक्षण भी किया और आवश्यक जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि सरकार ने कामकाजी अभिभावकों को यह एक अच्छी सुविधा प्रदान की है। जहां बच्चों के लिए कार्य के घंटों में खान-पान, खिलौनों की सभी तरह की सुविधा है। यहां एक टाइम-टेबल अनुसार बच्चों को खाना दिया जाता है। उसी हिसाब से बच्चों को खिलाया जाता है। साथ ही प्राथमिक चिकित्सा किट भी है। सरकार ने यह सुविधा ऐसे अभिभावकों को दी है, जो महंगे क्रेच में बच्चों को नहीं भेज सकते और उन्हें काम करना भी जरूरी है। यहां पुलिस लाइन में 158 कामकाजी महिला पुलिस कर्मचारी हैं। जिनके बच्चे यहां दिन में आ सकते हैं।
वहीं दूसरी ओर बलराज नगर में आंगनबाड़ी केंद्र के साथ बनाए गए क्रेच का उद्घाटन कैथल नगर परिषद अध्यक्षा सुरभि गर्ग ने किया। सुरभि गर्ग ने क्रेच में बच्चों के लिए बैठने, सोने, खेलने की जगहों का बारीकि से निरीक्षण किया। साथ ही बच्चों को दिए जाने वाले आहार के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में वर्कर से बच्चों की दिनचर्या के बारे में पूछा और कहा कि यहां बच्चों को कोई परेशानी न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने वर्कर से मौके पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवता से लेकर मात्रा तक की जानकारी ली और यहां स्वच्छता की सराहना भी की।

मीडिया से बातचीत में नगर परिषद अध्यक्षा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यहां कामकाजी अभिभावकों के लिए यह नायाब तोहफा है। सीएम जिस तरह से महिलाओं के लिए समर्पित हैं। उसी तरह से उन कामकाजी महिलाओं को यह सुविधा दी है, जिन्हें काम पर जाना होता है और उनके पीछे से बच्चों को संभालने वाला कोई नहीं होता।
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी गुरजीत कौर ने बताया कि सरकार की घोषणा अनुसार प्रदेश में आंगनबाड़ी केेंद्रों के साथ-साथ अलग स भी क्रेच खोले गए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेश के 324 क्रैच केंद्रों का उद्घाटन किया गया है। जिसमें कैथल जिले के 18 क्रेच केंद्र शामिल हैं। इन केन्द्रो में मुख्य रूप से कामकाजी महिलाओं व अभिभावकों के बच्चों को कार्य के घंटों में रखने का प्रावधान है। जिसमें सात माह से लेकर छह साल तक के बच्चों को सुबह नौ बजे से पांच बजे तक रखने का प्रावधान किया गया है। इस दौरान बच्चों तीन बार खाना दिया जाता है। जिसमें सुबह हलवे के अलावा दिन में गुड़ चना, फल व अन्य खाद्य पदार्थ, जो विभाग द्वारा तय किए गए हैं, उसी अनुसार खाना मुहैया करवाया जाता है।
इन केंद्रों का हुआ उद्घाटन
आंगनबाड़ी एवं क्रेच में कैथल शहरी ब्लॉक में बलराज नगर, अर्जुन नगर, नानकपुरी कालोनी, नेहरू गार्डन कालोनी, फ्रेंडस कालोनी, पटेलनगर, अंबेडकर नगर ऋषि नगर, सनसिटी, छज्जु कुंड व रजनी कालोनी में आंगनबाड़ी केंद्रों में के्रच केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही कैथल शहरी ब्लॉक में पुलिस लाइन कैथल, पूंडरी ब्लॉक कौल में दो, भाणा, करोड़ा, पूंडरी व चंदलाना में क्रेच केंद्र बनाए गए हैं।
इस अवसर पर पार्षद प्रवेश शर्मा, युवा भाजपा नेता सुमित गर्ग, विभाग की ओर से खेमलता, दिव्या, सिकंदर, अंकिता बलहारा, सुमन, दीप्ती, कविता, अंजलि, मंजूर, स्वाति, क्रेच वर्कर अंजू व हेल्पर दीना देवी, बलराज नगर क्रेच वर्कर भावना व हेल्पर शीला देवी मौजूद थीं।
