नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगाः एसपी राजेश कालिया
कैथल कैथल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एसपी राजेश कालिया के कुशल नेतृत्व में नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए जिला पुलिस ने वर्ष 2024 में नशा तस्करी के 83 मामले दर्ज कर 123 तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसपी राजेश कालिया ने कहा कि डिमांड और आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए जिला पुलिस मुख्य आपूर्तिकर्ताओं को गिरफ्तार करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। जिला के सभी क्राइम यूनिट प्रभारी एवं थाना प्रबंधकों को स्पष्ट कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे हर मामले में मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हर व्यक्ति को पकड़ें। इसके अलावा युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने, उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने और उन्हें अपराध और नशे से दूर रखने के लिए शिक्षण संस्थानों और गांवों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 25 खेल प्रशिक्षक नियुक्त किए गए है, जो युवाओं को प्रतिदिन खेल क्रिडाएं करवाते है, इसके अलावा नशा जागरूकता टीम में शामिल पी.एस.आई. रामलाल, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार तथा होमगार्ड शमशेर सिंह की टीम सहित सभी थाना प्रबंधको द्वारा विभिन्न स्थानों पर सेमिनार,रैली आदि कार्यक्रमों के साथ आमजन सहित युवा वर्ग को नशे के दुष्परिणामों से अवगत करवाया जा रहा है।

एसपी राजेश कालिया ने बताया कि वर्ष 2024 दौरान 123 नशा तस्करों को काबू करके उनके कब्जे से 12 किलो 620.135 ग्राम अफीम, 376.55 ग्राम चरस, 13.853 किलोग्राम चूरा पोस्त, 9.307 किलोग्राम गांजा, 506.852 किलोग्राम डोडोपोस्त, 148.520 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 9 ग्राम स्मैक, 501 इंजेक्शन तथा 7305 नशीली गोलियों सहित बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया। एसपी ने कहा कि अपराध को रोकने और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के लिए जिला पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा गांवों का दौरा कर सरपंचों और पंचायत सदस्यों व ग्रामीणों के साथ बैठकें की जा रही हैं। एसपी ने कहा कि आमजन भी इस मुहिम में पुलिस का साथ देते हुए आहुति डाले। किसी भी नशा तस्कर कि सूचना डायल 112, कंट्रोल रूम या नंबर 9254049337 पर दे सकते है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस का उद्देश्य कैथल जिले को नशा मुक्त बनाने का है। एसपी ने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्कर इस घृण कृत्य को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लिप्त हो अन्यथा उनकी जगह सलाखों के पीछे है।
