हरियाणा में कुपोषित नहीं रहेगा कोई बच्चा
राज्य टास्क फोर्स का गठन
हर पखवाड़े होगी टास्क फोर्स की बैठक करेगी
चंडीगढ़। हरियाणा में महिलाओं व बच्चों में कुपोषण और एनीमिया को खत्म करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की निगरानी और समन्वय के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इस कार्य बल में स्वास्थ्य,आयुष, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभागों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी हस्तक्षेपों का प्रभावी कार्यान्वयन और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए हर पखवाड़े टास्क फोर्स की बैठक होगी।
यह निर्णय आज मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में पोषण अभियान के तहत राज्य अभिसरण (कन्वर्जेंस) समिति की छठी बैठक में लिया गया। बैठक के बाद महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल ने बताया कि पोषण अभियान0 के तहत जमीनी स्तर पर निगरानी पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसमें गांव स्तर पर पोषण पंचायतों की स्थापना भी शामिल है।
इसके अलावा गांव स्तर पर हस्तक्षेप को मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायतों के तहत महिलाओं की उप-समितियां बनाई जा रही हैं। इन उप-समितियों की हर महीने बैठक होगी। ये एकीकृत बाल विकास सेवाओं (आईसीडीएस) की निगरानी करेंगी, भोजन की गुणवता का सोशल ऑडिट करेंगी, आंगनवाड़ी केंद्रों में मौके पर जाकर जाँच करेंगी और गाँव के स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
इसके अलावा, राष्ट्रीय सुपोषित पंचायत अभियान के तहत, प्रदेश में समन्वित प्रयासों से कुपोषण को कम करने के लिए ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
