डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में स्वयंसेवकों को साइबर अपराध बारे किया जागरूक
कैथल खबर (7 जनवरी) : साइबर अपराध जागरूकता अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम द्वारा डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में एनएसएस कैंप के दौरान स्वयंसेवकों को साइबर अपराध बारे जागरूक किया। साइबर अपराधों से बचाव व साइबर ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दी। साइबर अपराध का शिकार होने पर अपनी शिकायत तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें। इस दौरान साइबर थाना एसएचओ पीएसआई शुभ्रांशु ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करते हुए बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी। साइबर अपराधी किस प्रकार से साइबर अटैक करके लोगों को अपना शिकार बनाते हैं तथा उन्हें मानसिक, आर्थिक व सामाजिक नुकसान पहुंचाते हैं, के बारे में जानकारी दी गई और इन अपराधों से कैसे बचाव करें, इत्यादि के बारे में बताकर जागरूक किया गया। एसएचओ ने बताया कि वे किसी भी प्रकार से प्राप्त हुए लिंक को ना खोलें और किसी भी फोन कॉल, संदेश, ईमेल इत्यादि पर दिए गए प्रलोभन या विश्वास में आकर अपनी कोई भी निजी जानकारी किसी के साथ सांझा ना करें। साइबर अपराधों को रोकने के लिए हम सबको मिलकर सांझा प्रयास करने होंगे। इस दौरान टीम ने सोशल मीडिया के जरिए हो रहे क्राइम से बचने के कई तरीके भी बताए। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन अपराध से बचने का सबसे पहला तरीका ये है कि कोई व्यक्ति आपसे दोस्ती करना चाहता है या आपसे चैट करना चाहता है पहले यह देखिए कि क्या आप उस व्यक्ति को जानते हैं। अज्ञात व्यक्ति को अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में ना जोड़ें। इसके अलावा किसी भी लिंक पर क्लिक ना करें, अपना पासवर्ड किसी के साथ भी शेयर ना करें, सोशल मीडिया प्रोफाइल का मुश्किल पासवर्ड सेट करें। अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऑन करें। ऐसे कई उपाय करके इस तरह के क्राइम से बच सकते हैं। साइबर अपराध होने पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
