निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की इंचार्जों की लिस्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की तरफ से निकाय चुनाव को लेकर इंचार्ज की नियुक्तियां की गई हैं।
नगर पालिका पूंडरी में विजयपाल सिंह एडवोकेट, कलायत में भारत भूषण व सीवन में धर्मबीर मिर्जापुर को दी जिम्मेवारी
पंचकूला (7 फरवरी) : हरियाणा में मार्च माह को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने इंचार्ज लगा दिए हैं। नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका, 2 मेयर और 3 चेयरमैन के उपचुनाव को लेकर 39 नेताओं की ड्यूटी लगाई है। लिस्ट में पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक से लेकर चेयरमैन तक के नाम हैं।
ये नेता अपने-अपने जिलों में उम्मीदवारों के चयन से लेकर उनके प्रचार की जिम्मेदारी देखेंगे। 7 नगर निगमों समेत 40 निकायों में 2 मार्च को वोटिंग होगी। जबकि पानीपत नगर निगम में वोटिंग 9 मार्च को होगी। सभी जगह के नतीजे 12 मार्च को आएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी धनपत सिंह के मुताबिक फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, हिसार और करनाल में मेयर और सभी वार्डों के चुनाव होंगे। सोनीपत और अंबाला में सिर्फ मेयर के लिए चुनाव होंगे क्योंकि यहां से मेयर निखिल मदान और शक्तिरानी शर्मा विधायक चुने जा चुके हैं।
नगर परिषद सोहना और नगर पालिका असंध व इस्माइलाबाद में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होंगे। इसके अलावा पटौदी, थानेसर, सिरसा और अंबाला सदर नगर परिषद में सभी पदों पर चुनाव होंगे। 21 नगर पालिकाओं में अध्यक्ष और वार्ड मेंबर के चुनाव होंगे। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद हरियाणा में भाजपा पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह सभी नगर पालिकाओं का चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़ेगी।

