बाबा राजपुरी डेरे के मेले और दशहरा पर्व पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध, 300 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
दशहरा पर्व और गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार कैथल पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। दशहरे से द्वादशी तक चलने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब 150 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, दशहरा पर्व पर चंदाना गेट सहित कैथल जिले के विभिन्न कस्बों में आयोजित होने वाले रावण पुतला दहन कार्यक्रमों के दौरान भी करीब 150 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
डीएसपी रमेश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि बाबा राजपुरी डेरे में आयोजित होने वाले मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा, कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेले के दौरान गांव में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर पांच नाके स्थापित किए जाएंगे। इनमें पाडला गांव की तरफ, मानस की ओर, अटेला की तरफ तथा बुड्ढा खेड़ा की ओर एक-एक नाका लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में चौराहे पर बाबा राजपुरी डेरे के मुख्य द्वार के सामने भी पुलिस नाका स्थापित किया जाएगा।
मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो डायल 112 गाड़ियां लगातार तीन दिन तक मेला क्षेत्र में तैनात रहेंगी। इसके अलावा मोटरसाइकिल राइडर लगातार गश्त करेंगे और सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी भीड़ के बीच मौजूद रहकर गतिविधियों पर नजर रखेंगे। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, हुड़दंग या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मेले के दौरान सदर थाना पुलिस और संगतपुरा चौकी की पुलिस टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेगी।
डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि दशहरा पर्व पर चंदाना गेट सहित जिले के सभी कस्बों में रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना तथा सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना है।
डीएसपी रमेश चंद्र ने आमजन से अपील की कि वे दशहरा पर्व और मेले के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित बैरिकेडिंग के पीछे ही रहें और बैरिकेडिंग पार करके आगे आने का प्रयास न करें। भीड़ के दौरान धक्का-मुक्की से बचें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग से ही त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाया जा सकता है।
