हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, ITI छात्रों की मुफ्त बस सुविधा की बंद
चंडीगढ़ : हरियाणा के परिवहन विभाग ने ITI के करीब 40 हजार विद्यार्थियों को मुफ्त बस सफर सुविधा बंद कर दी है। सरकार का यह फैसला प्रदेश की 380 राजकीय और निजी ITI में नैशनल काउंसिल फोर वोकेशनल ट्रेनिंग ट्रेड (NCVT)में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं पर लागू हुआ है। इन प्रशिक्षुओं में 20 हजार छात्राएं भी शामिल हैं। अब इन विद्यार्थियों को फीस अदा करके बस पास बनवाना होगा।
प्रदेश सरकार छात्राओं को 150 किलोमीटर तक निशुल्क बस पास की सुविधा उपलब्ध करा रही है। जुलाई 2014 से सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स के लिए निशुल्क बस पास की सुविधा दी थी। अब आईटीआई में एनसीवीटी के तहत आने वाली सभी ट्रेड में प्रशिक्षण लेने वाले प्रशिक्षुओं के लिए यह सुविधा बंद कर दी गई है।
