नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन आज से शुरु
कैथल में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन आज से शुरु
कैथल खबर (11 जनवरी) : कैथल जिले की तीन नगर पालिकाओं कलायत, सीवन व पूंडरी के लिए 11 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई हैं, जो 17 फरवरी तक राजपत्रित अवकाश को छोडक़र सभी कार्य दिवसों में सुबह 11 बजे से सांय 3 बजे तक जारी रहेगी। आपको बता दें कि तीनों नगर पालिकाओं में दो मार्च को मतदान होगा। कलायत नगर पालिका चुनाव के लिए कलायत एसडीएम कार्यालय में नामांकन पत्र जमा करवाए जा सकेंगे। पूंडरी नगर पालिका चुनाव के लिए पूंडरी नगर पालिका व सीवन के लिए सीवन नगर पालिका कार्यालय में नामांकन पत्र जमा करवाए जा सकेंगे। 18 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। चुनाव के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार 19 फरवरी को सुबह 11 बजे से 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। इसी दिन तीन बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिए जाएंगे।
डीसी प्रीति ने बताया कि नगर पालिका प्रधान के लिए सामान्य वर्ग के लिए 10वीं, महिला, अनुसूचित जाति की महिला एवं अनुसूचित जाति के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। नगर पालिका में पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के लिए 10वीं, महिला, अनुसूचित जाति के लिए आठवीं और अनुसूचित जाति की महिला के लिए पांचवी पास होना जरूरी है। नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए दो हजार रुपए, अनुसूचित जाति, बीसी ए, बीसी बी और महिला के लिए एक हजार रुपए की जमानत राशि तय की गई है। नगर पालिका में पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए एक हजार रुपए, अनुसूचित जाति, बीसी ए, बीसी बी और महिला के लिए 500 रुपए की जमानत राशि तय की गई है।
