युवक को बंधक बनाने वाला एजेंट काबू
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी एजेंट
कैथल खबर (22 मार्च) : कैथल के युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर विदेश में बंधक बनाने और लाखों रुपए ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। युवक को ग्वाटेमाला में बंधक बनाकर उसके परिवार के 20 हजार डॉलर की फिरौती मांगी थी। डोंकरों ने उसे गन प्वाइंट पर प्रताड़ित करते हुए का वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा था। आरोपी की पहचान गांव हसनपुर जिला कुरुक्षेत्र निवासी नवनीत सिंह उर्फ माइकल के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस गांव दुसैन निवासी नवजोत उर्फ जोधा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आज यह दूसरी गिरफ्तारी है। गांव मोहना निवासी कुलदीप की शिकायत के अनुसार, जून 2024 में मोहना गांव में उसकी मुलाकात दुसैन निवासी नवजोत सिंह से हुई थी। नवजोत सिंह ने कहा कि वह रजिस्टर्ड ट्रैवल एजेंट है। एक नंबर में डायरेक्ट अमेरिका भेजते हैं। आरोपी ने उसके बेटे युवराज को अमेरिका भेजने के लिए उकसाया। उन्होंने उसकी बातों में आकर अपने बेटे युवराज को अमेरिका भेजने की बात उससे की। 41 लाख रुपए में अमेरिका भेजने की बात हुई तथा कहा कि सारे पैसे अमेरिका पहुंचने के बाद देने हैं। युवराज को 13 अक्टूबर 2024 को प्लेन से भारत से रवाना कर दिया। 17 अक्टूबर को आरोपी उनसे 16 लाख रुपए की मांग करने लगे तो उन्होंने 16 लाख रुपए दे दिए। 19 दिसंबर को व्हाट्सएप पर उनके पास मैसेज आया कि आपके बेटे युवराज को ग्वाटेमाला देश में अगवा कर लिया है तथा युवराज को गन प्वाइंट पर मारते पीटते की वीडियो भी भेजी गई। उसे छोड़ने के लिए 20 हजार डॉलर की मांग की गई। उन्होंने एजेंटों से संपर्क किया तो उनको बोला गया कि अन्य डोंकरों द्वारा युवक को अगवा कर लिया गया है, पैसे तो देने पड़ेंगे। डर के मारे उन्होंने 8 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी का न्यायालय से 5 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
