कैथल मंडी में पहुंची गेहूं, खरीद व उठान नहीं

कैथल खबर (05 अप्रैल) : कैथल की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक तो शुरू हो गई है, लेकिन अभी तक खरीद शुरू नहीं हो पाई है। खरीद शुरू न होने का सबसे बड़ा कारण मंडी में ले जाए जा रहे अनाज में नमी की मात्रा अधिक बताया जा रहा है। हालांकि शुक्रवार को किसान मंडी में गेहूं की पहली ढेरी लेकर पहुंचे, लेकिन इसमें नमी की मात्रा अधिक होने के कारण खरीद नहीं हो पाई। अब अधिकारियों की ओर से अनुमान लगाया जा रहा है कि खरीद का कार्य 8 अप्रैल के बाद ही सुचारु हो पाएगा। उसके साथ ही बिक्री व उठान की व्यवस्था करवाई जाएगी। कैथल जिले में गेहूं की खरीद के लिए पांच मंडियां व 39 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर वेयरहाउस, हैफेड और फूड एंड सप्लाई एजेंसियां गेहूं की खरीद का कार्य करेंगी। इनके लिए अलग-अलग दिन भी निर्धारित कर दिए गए हैं। मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल ने किसानों से अपील की कि वे फसल को पूरी तरह सूखने के बाद ही मंडी में लाएं ताकि बिक्री के लिए इंतजार न करना पड़े। अगर फसल में नमी की मात्रा अधिक होगी तो उसे मंडी में लाकर सुखाना पड़ेगा, जिससे एक ओर जहां बिक्री में समय लगेगा। वहीं अन्य किसानों को फसल डालने में भी जगह को लेकर समस्या का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि फसल सूखी हुई आएगी तो उसका तुरंत बिक्री और उठान करवा दिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *