कैथल में मनाया केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 71वां जन्मदिन
कैथल के भाजपा जिला कार्यालय कपिल कमल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के 71 वें जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य रूप से कैथल की भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने शिरकत की। रक्तदान शिविर में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में रक्तदान के बाद रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देने के साथ-साथ सम्मानित भी किया गया। जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का नाम प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ मंत्रियों में आता है। प्रदेश की राजनीति में युवा वर्ग के लिए बिना खर्ची पर्ची के रोजगार देना सबसे बड़ी उपलब्धियों में से है। पहले के मुख्यमंत्री एक क्षेत्र तक सीमित रहते थे, लेकिन मनोहर लाल ने प्रदेश के हर क्षेत्र में सबका साथ सबका विकास के तहत कार्य किया है। पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़ ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प हीं होता। लोगों को ज्यादा से ज्यादा इस पुण्य के कार्य में भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक लीला राम, वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश भगत, नगर परिषद की वाइस चेयरमैन सीमा देवी, युवा जिला अध्यक्ष आदित्य भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष गोपाल सैनी, पार्षद रिंकू सैनी, सरपंच प्रतिनिधि सोनू, हर्ष गोयल, शमशेर सैनी, परवीन प्रजापति के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदान किया व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन की बधाई दी।
