फर्जी ट्रेवल एजेंंटों से रहे सावधान, मान्यता प्राप्त एजेंट से ही करें संपर्क: एसपी आस्था मोदी

कैथल, 02 जून (कैथल खबर) : शिक्षा के बेस पर या घूमने के लिए विदेश जाने के इच्छुक जागरूकता के अभाव में कई बार फर्जी ट्रैवल एजेंटों का शिकार बनकर लाखों रुपये गंवा बैठते हैं। लोगों को ऐसे फर्जी ट्रेवल एजेंटों से सावधान रहने की जरूरत है। विदेश जाने के लिए वीजा लगवाने से पूर्व एजेंट के बारे में पूरी जानकारी हासिल करें और सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंट से ही संपर्क करें। कैथल एसपी आस्था मोदी ने कहा कि वीजा के नाम पर धोखाधड़ी के मामले बढ़ रहे हैं, इनसे सावधान रहने की जरुरत है। पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी कर फर्जी ट्रेवल एजेंटों से सावधान रहने की अपील की गई है। एसपी आस्था मोदी ने कहा कि जो विदेश जाना चाहते हैं, फर्जी ट्रेवल एजेंट वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विज्ञापन के द्वारा लोगों से सम्पर्क करते हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित नकली यात्रा विज्ञापनों के माध्यम से एजेंट पीडि़तों को अपने झांसे में फंसा लेते हैं। एजेंटों द्वारा तरह-तरह के लालच देकर पैसे हड़प लिए जाते हैं। बहुत से मामलों में ये एजेंट आम लोगों को अवैध तरीके से सीमावर्ती दूसरे देशों में भेज देते हैं और वहां से जंगलों, समुद्री रास्तों, सडक़ मार्ग द्वारा पैदल नावों, कंटेनरों द्वारा गैर कानूनी तरीके से सीमा पार करवाते हैं। जिस कारण बहुत से लोग अपनी जान गंवा लेते हैं। बहुत से मामलों मे इस प्रकार से विदेश गये लोगों के पासपोर्ट आदि दस्तावेज अपराधियों द्वारा छीन लिए जाते है और उनसे डरा-धमकाकर गलत कार्य करवाये जाते हैं। बरती गई थोड़ी-सी सावधानी आपको ऐसे ठगों का शिकार होने से बचा सकती है। विदेश जाने से सम्बंधित कार्यों को लेकर हमेशा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंटों की सेवाएं लें और पैसों का भुगतान करने से पूर्व उसे एजेंट के बारे में पूरी जानकारी हासिल करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *