मैराथन को लेकर तैयारियां जोरों पर, उत्साह के साथ हो रहा है पंजीकरण
डीसी प्रीति ने कहा कि आगामी 13 जुलाई को आयोजित की जाने वाली मैराथन को लेकर तैयारियों जोरों पर चल रही हैं। इस मैराथन को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को हरी झंडी देकर रवाना करेंगे। संबंधित विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियां की जा रही हैं। वहीं आमजन में मैराथन को लेकर उत्साह बना हुआ है और लोग भारी संख्या में पंजीकरण करवा रहे हैं। डीसी प्रीति ने बताया कि विभिन्न समाज सेवी संस्थाएं भी इस मैराथन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगी। जिले भर से आमजन, स्कूल व कॉलेजों के विद्यार्थी सहित सभी लोगों द्वारा मैराथन के लिए पंजीकरण करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रूट पर जलपान, मेडिकल सुविधा तथा सरकारी की योजनाओं को लेकर स्टाल लगाए जाएंगे। आयोजन के दौरान आमजन को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसको लेकर पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मैराथन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है। कोई भी आमजन www.kaithalhalfmarathon.com वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकता है। 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को एक लाख 21 हजार रुपये, द्वितीय को एक लाख रुपये तथा तृतीय को 75 हजार रुपये का नकद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं 10 किलोमीटर मैराथन में प्रथम विजेता को एक लाख रुपये, द्वितीय को 75 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये की नकद इनाम दिया जाएगा। पांच किलोमीटर की दौड़ रन फॉर फन होगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी अलग कैटेगरी बनाई गई है। सभी आमजन इस मैराथन में भाग लेकर नशे के खिलाफ यज्ञ में अपनी आहुति जरूर डालें। डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए।
