एसपी ने डीएसपी व एसएचओ को क्राइम मीटिंग दौरान दिए उचित दिशा निर्देश
जिला पुलिस अधीक्षक उपासना की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन कैथल में एक क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में डीएसपी बीरभान सिंह, डीएसपी कुलदीप बेनीवाल, डीएसपी ललित कुमार, डीएसपी गुरविंद्र सिंह सहित सभा थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज व सभी क्राइम युनिट प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में गंभीर अपराधों की जांच, लंबित मामलों के निपटारे, गिरफ्तारी दर में वृद्धि, नशा व साइबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसपी उपासना ने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने क्राइम क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम को अपडेट रखें। एसपी ने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य अपना काम अच्छे से करते हुए अपराधी को पकड़ कर जनता को सुरक्षित माहौल देना है। एसपी ने सभी को आदेश दिए कि थाना चौकी में आने वाले परिवादियों से मधुर व्यवहार करते हुए उनकी परिवाद पर जल्दी से जल्दी कार्रवाई करते हुए न्याय दिलवाने का काम करे। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी करप्शन पर जीरो टॉलरेंस की नीति हर हाल में सुनिश्चित करें। गंभीर व जघन्य अपराधों की जांच में तेजी और समयबद्धता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, पोक्सो तथा अन्य हिंसक अपराधों के मामलों में शीघ्र कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों की तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। नशा मुक्ति अभियान को गति देते हुए डोर-टू-डोर टीम द्वारा नशा बेचने और करने वालों की पहचान कर उपचार एवं कानूनी कार्रवाई दोनों सुनिश्चित की जाए। उद्धघोषित अपराधियों, बेल जम्परों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ में तेजी लाने पर भी बल दिया गया। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एसपी उपासना ने ओवर स्पीड, बुलेट पटाखा, लेन चेंज, नॉइस पॉल्यूशन और ड्रंकन ड्राइविंग के मामलों में नियमानुसार तुरंत कार्रवाई करने तथा वाहन चालकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। कैथल शहर सहित सभी कस्बों में पुलिस की उपस्थिति और गश्त को और प्रभावी बनाया जाए तथा संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जांच की जाए। बैठक के समापन पर एसपी उपासना ने कहा कि अपराध नियंत्रण और जांच में पारदर्शिता, गति और कानूनी मजबूती जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर जवाबदेही तय होगी।
