गांव अटेला में आयोजित हुआ जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम
जिला प्रशासन की ओर से गांव अटेला में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें डीसी प्रीति व एसपी उपासना सहित अन्य अधिकारियों ने आमजन के साथ सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता के साथ सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से गांव के विकास से जुड़े सुझाव भी लिए। गांव में पहुंचने पर सीवन सरपंच एसोसिएशन व अटेला गांव के सरपंच प्रवीन द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।

डीसी प्रीति ने कहा कि हरियाणा सरकार की सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से रात्रि ठहराव कार्यक्रम का प्रत्येक माह आयोजन किया जाता है। यह कार्यक्रम केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सरकार का यह संकल्प है कि प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंचे और उसकी समस्याओं को समझे। उन्होंने कहा कुछ समस्याएं ऐसी होती हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर आपसी सहयोग व तालमेल से समाधान संभव होता है, ऐसे में ग्रामीण एकजुटता के साथ ग्रामीण विकास में सहभागी बने। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आज के रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान जो जो जन शिकायत रखी गई हैं, उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में फैली बुराईयों के खात्मे के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। इन बुराइयों को लेकर सभी गांव में ग्राम सभाओं में चर्चा होनी चाहिए, ताकि इनका अंत किया जा सके। इसके अलावा सभी आमजन यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, क्योंकि देखने में आया है कि हेलमेट की कमी के कारण हादसे में व्यक्ति की जान चली जाती है।

एसपी उपासना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा नशा मुक्त भारत को लेकर अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में पुलिस विभाग द्वारा गांव गांव में नशा मुक्ति का संदेश दिया जा रहा है। अटेला गांव को पुलिस विभाग द्वारा नशा मुक्त घोषित किया गया है, जिसे कायम रखना सभी ग्रामीणों की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने आस पास के गांव को भी नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करें। इसके अलावा उन्होंने यातायात नियमों के पालन, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा नशा मुक्ति जीवन की आवश्यकता पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अपराधों से बचाव के लिए समाज को सजग रहना जरूरी है और किसी भी फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर तथा नशे को लेकर 9053052104 पर जानकारी दे सकते हैं।


रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखी। जिसमें मुख्य रूप से लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकरण, कश्यप चौपाल के निर्माण की मांग, सरकारी स्कूल के सामने वाली सड़क दुरस्तीकरण, पेयजल,॒ पानी की निकासी, बुढ़ापा पेंशन, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 100-100 गज के प्लॉट, परिवार पहचान पत्र में आए काम करने, स्कूल के पास खड़े ट्रांसफॉर्मर को शिफ्ट करने, अटेला से बाबा लदाना की सड़क का निर्माण तथा कैथल से खरकां के लिए बस सेवा में बढ़ोतरी की मांग की गई। डीसी ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर कई समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम आने पर तमन्ना, द्वितीय आने पर आरूषी, आठवीं कक्षा में स्कूल टॉपर रहे रमन व बुनियाद में दाखिला लेकर गांव का नाम रोशन करने वाले परमवीर को डीसी प्रीति व एसपी उपासना द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम अजय सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डिप्टी सीईओ सुमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाए गए, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, क्रीड, समाज कल्याण विभाग, बिजली विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभाग शामिल रहे।
