गांव कुकरकंडा में हुआ जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार एवं डीसी प्रीति के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को गांव कुकरकंडा में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीसी सुरेश राविश ने की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम अजय सिंह और डीएसपी सुशील प्रकाश विशेष रूप से मौजूद रहे। गांव में पहुंचने पर सरपंच की अगुवाई में ग्राम पंचायत द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर गांव में बच्चों के लिए लाइब्रेरी खोलने तथा सरकारी स्कूल में खेल से संबंधित सामान उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। वहीं गांव में स्थाई स्टेडियम बनाने की मांग पर उन्होंने ग्राम पंचायत को जमीन उपलब्ध करवाने तथा प्रस्ताव पास करने के उपरांत फाइल उनके पास भेजने के लिए कहा। इसी प्रकार गांव में बने तालाब की सफाई एवं स्वच्छ नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर बीडीपीओ व ग्राम सचिव को तालाब से संबंधित जानकारी भेजने के निर्देश दिए। वहीं गांव में मक्खियों की समस्या को लेकर गांव में स्प्रे करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव में पशु अस्पताल की कंडम हो चुकी बिल्डिंग को दोबारा बनवाने, अंबेडकर भवन का निर्माण करवाने की भी मांग की गई। उन्होंने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रशासन को गांव स्तर पर जनता से सीधे जोड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित निवारण करना है। ऐसे कार्यक्रमों से प्रशासन को जमीनी हकीकत समझने और योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की स्थिति जानने में मदद मिलती है। आज के इस रात्रि ठहराव कार्यक्रम में जितनी भी समस्याएं ग्रामीणों द्वारा रखी गई है, उनका निश्चित तौर पर समाधान किया जाएगा। कुछ समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, अन्य समस्याओं के निवारण के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन आमजन के साथ खड़ा है। किसी भी प्रकार की समस्या को लेकर आमजन अपनी लिखित शिकायत दें और उससे संबंधित दस्तावेज अपने शिकायत के साथ जरूर लगाए, ताकि उससे संबंधित कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर एसडीएम अजय सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी, बीडीपीओ अन्नु टोंक, डीईओ सुरेश कुमार, कृषि उपनिदेशक डॉ सुरेंद्र यादव, बागवानी अधिकारी डॉ हीरालाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाए गए। अतिरिक्त उपायुक्त सुरेश राविश, एसडीएम अजय सिंह के अलावा अन्य संबंधित अधिकारियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों को दी जा रही विभागीय स्कीमों के लाभ की जानकारी प्राप्त की। कृषि विभाग, खेल विभाग, बागवानी विभाग, बैंकिंग, आयुष विभाग, स्वास्थ्य, रेडक्रॉस, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, रोजगार विभाग, मत्स्य विभाग, खाद्य एवं पूर्ति विभाग, मनरेगा, परिवार पहचान पत्र, समाज कल्याण विभाग, बिजली विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभाग शामिल रहे।
