बंदूकों के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएसपी गुरविंद्र सिंह

जिला कैथल में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि हाल के समय में यह देखा गया है कि कुछ युवा एक-दूसरे की देखा-देखी हथियारों के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। इस प्रकार की गतिविधियां समाज में नकारात्मक संदेश देती हैं और आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देने का कार्य करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों में न केवल फोटो अपलोड करने वाला व्यक्ति बल्कि हथियार उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति भी समान रूप से दोषी माना जाएगा। डीएसपी ने कहा कि कई बार ऐसे मामलों में हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं, जो पूर्णतः गैरकानूनी हैं और जन सुरक्षा के लिए खतरा बनती हैं। ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि कैथल पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील करते हुए कहा कि लाइसेंसधारी हथियार धारक अपने हथियार किसी अन्य व्यक्ति को न सौंपें और न ही उनका सार्वजनिक प्रदर्शन करें। ऐसा करना कानून का उल्लंघन है, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ हथियार का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रवृत्तियां युवाओं को गलत दिशा में ले जाती हैं और समाज में असुरक्षा का माहौल उत्पन्न करती हैं। इसलिए सभी नागरिकों को जिम्मेदार व्यवहार अपनाते हुए कानून का पालन करना चाहिए और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में सहयोग देना चाहिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *