धान रोपाई से पहले ढैंचा व दलहन उगाने पर किसानों को मिलेगी 1000 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि

कृषि उपनिदेशक डॉ. रविंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और मृदा स्वास्थ्य सुधारने के उद्देश्य से किसानों के लिए एक विशेष योजना लागू की गई है। खरीफ सीजन 2026 में जो किसान धान की रोपाई से पहले अपने खेतों में हरी खाद के रूप में ढैंचा या अन्य दलहन फसलों की बुवाई करेंगे, उन्हें सरकार की ओर से 1000 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 अप्रैल कर दी गई है। इच्छुक किसान मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत ढैंचा के अलावा समर मूंग, उड़द, लोबिया, मोठ, अरहर, सोयाबीन और ग्वार जैसी फसलों को भी शामिल किया गया है। प्रोत्साहन राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

सत्यापन के बाद मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए कृषि विभाग द्वारा 25 अप्रैल से 15 मई तक खेतों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। किसानों को पंजीकरण के बाद अपनी बोई गई फसल की फोटो भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। बीज किसान खुले बाजार से खरीद सकते हैं।

मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में सहायक

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, ढैंचा और दलहन फसलों की बुवाई से मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ती है और उसकी उर्वरता में सुधार होता है। इससे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ आगामी फसलों की पैदावार में भी वृद्धि होती है। इसलिए किसान समय रहते पोर्टल पर पंजीकरण कर इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और फसल विविधीकरण को अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *