जिले में सुचारू रूप से चल रहा हाउस लिस्टिंग का कार्य : डीसी
डीसी अपराजिता ने कहा कि जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और जिले में हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना कार्य सुचारू रूप से जारी है। इस कार्य को समयबद्ध पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक घर तक पहुंच बनाकर सटीक आंकड़े एकत्रित करें। उन्होंने बताया बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं और नीतियों का निर्माण किया जाता है। इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और हर क्षेत्र को कवर किया जाए।
प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से करें सहयोग
डीसी अपराजिता ने आमजन से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का पूरा सहयोग करें तथा सही, सटीक और नवीनतम जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना का उद्देश्य केवल जनसंख्या का सही आंकलन करना है। इसलिए लोग बिना किसी भ्रम के सहयोग करें।
हेल्पलाइन पर करें संपर्क
डीसी ने बताया कि जनगणना से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
