कैथल पुलिस ने 72 लोगों को सौंपे उनके खोए मोबाइल फोन

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में जिला की साइबर सेल जहां अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने में अहम भूमिका निभा रही है वहीं जिला की साइबर सेल प्रभारी एएसआई राकेश की अगुवाई में एएसआई रणदीप सिंह, एचसी दीपक, एचसी अरुण, सिपाही अनिल कुमार, अजय वीर व मोनू की टीम ने महत्वपूर्ण सुराग जुटा कर मई माह में आमजन के गुम हुए करीब 11.50 लाख रुपये से अधिक कीमत के 72 मोबाइल फोन को ढूंढ कर सराहनीय कार्य किया है। डीएसपी बीर भान द्वारा पुलिस लाइन कैथल में आज उक्त मोबाइल फोनों के मालिकों को बुलाकर मोबाइल फोन सौंपे गए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पुलिस का थैंक्स कहकर आभार जताया। वहीं मोबाइल फोन ढूंढने में अहम भूमिका निभाने वाली साइबर सेल टीम की प्रशंसा की। डीएसपी बीर भान ने कहा कि जिला पुलिस की साइबर सेल ने अब तक सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त मोबाइल गुम की शिकायतों की मॉनिटरिंग करते हुए लाखों रुपए की कीमत के मोबाइल को ट्रेस करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने सीईआईआर पोर्टल के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा चलाए गए इस पोर्टल की खासियत यह है कि इस पर शिकायत रजिस्टर्ड करने उपरांत मोबाइल का आईएमईआई ब्लॉक हो जाता है और मोबाइल ट्रेस होने उपरांत शिकायतकर्ता को सूचना दे दी जाती है। वहीं एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि साइबर सैल पुलिस का यह एक सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि जहां मोबाइल फोन मालिकों को उनके मोबाइल फोन मिलने की खुशी है वहीं उनके मोबाइल फोन अपराधी किस्म के लोगों के हत्थे चढ़ने से भी बचे हैं। उन्होंने कहा कि साइबर सैल टीम लगातार गुमशुदा मोबाइल्स की मॉनिटरिंग करती है इसी के परिणाम स्वरूप ही खोये हुए मोबाइल पुलिस टीम द्वारा बरामद किये गये है। उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत उसकी सूचना ई दिशा केंद्र के माध्यम से सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराएं ताकि उसका गलत इस्तेमाल ना हो तथा जल्दी से जल्दी उसे महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर ढूंढा जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *