कैथल में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी काबू! 390 लीटर लाहण व 76 बोतल शराब बरामद
जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 390 लीटर लाहण तथा 76 बोतल अवैध हथकढ़ी शराब बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप की अगुवाई में पीएसआई दीपक, एएसआई मनोज कुमार तथा चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गांव लैंडर कीमा निवासी सतगुरु के पशु बाड़े पर दबिश देकर आरोपी को काबू किया गया। जांच दौरान पशु बाड़े से दो ड्रमों में करीब 390 लीटर लाहण तथा एक प्लास्टिक कैनी से 40 बोतल अवैध हथकढ़ी शराब बरामद हुई। दूसरे मामले में थाना सदर कैथल के एसआई सत्यवान की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर गांव भैणी माजरा निवासी जोरा सिंह के मकान पर दबिश देकर आरोपी जोरा सिंह को काबू किया गया। जांच दौरान आरोपी के मकान में प्लास्टिक कट्टे से 36 बोतल देसी शराब बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज करके पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
