जमानत पर छूटे युवक को लेने पहुंचे साथियों का हाईवे पर हंगामा, 6 गिरफ्तार; 5 गाड़ियां जब्त
राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाकर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित करने व हुडदंगबाजी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सीआईए कलायत पुलिस द्वारा 6 आरोपियों को गिरफ्तार करके वारदात में प्रयुक्त 5 गाड़ियों को जब्त कर लिया गया।
सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया की 22 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे अंबाला-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर गांव खरक पांडवा के पास कई गाड़िया तेज गति एवं लापरवाही से चलाई जा रही थी। वाहनों में सवार व्यक्तियों द्वारा सड़क पर शोर-शराबा किया जा रहा था तथा वाहनों को इस प्रकार चलाया जा रहा था, जिससे हाईवे पर आने-जाने वाले आम नागरिकों, अन्य वाहन चालकों तथा एंबुलेंस आदि के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने की स्थिति बनी। जांच में सामने आया कि गांव खरक पांडवा निवासी जयप्रकाश उर्फ जेपी 22 सितंबर को जिला जेल करनाल से जमानत पर बाहर आया था। उसे लेने के लिए उसके साथी कई गाड़ियों में करनाल जेल पहुंचे थे। वापस गांव की ओर आते समय तितरम से गांव खरकपांडवा की तरफ एनएच 152 पर गाड़ियों को तेज एवं लापरवाहीपूर्ण तरीके से चलाकर यातायात प्रभावित किया गया तथा हुडदंगबाजी की गई। इस संबंध में राहगीरों द्वारा डायल-112 पर शिकायत किए जाने की सूचना भी पुलिस के सामने आई। जिस बारे थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच सीआईए कलायत पुलिस के एचसी विनोद कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी खरकपांडवा निवासी जयप्रकाश उर्फ जेपी, सुनील, साहिल, सुमित, कैथल निवासी नमनप्रीत, बलबेहड़ा निवासी राजेश को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 5 गाड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कैथल पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और ऐसी गतिविधियों से बचें, जिनसे आमजन को परेशानी अथवा खतरा उत्पन्न हो। कोई भी व्यक्ति हुडदंगबाजी करके आमजन को परेशान ना करें।
