हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा महिला जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन 10 मार्च को :डीसी
डीसी अपराजिता ने बताया कि हरियाणा राज्य महिला आयोग प्रदेश की महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक बड़ी पहल करने जा रहा है। आयोग द्वारा आगामी 10 मार्च से 13 मार्च 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला स्तरीय महिला जन सुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में कैथल में 10 मार्च को इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय महिला आयोग और राज्य महिला आयोगों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। जन सुनवाई की अध्यक्षता हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन करेंगी। कार्यक्रम के दौरान न केवल पुरानी और लंबित शिकायतों का निपटारा किया जाएगा, बल्कि मौके पर आने वाली नई शिकायतों को भी सुना जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस जन सुनवाई कार्यक्रम में मौजूद रहें। स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित पक्षों को समय पर सूचित करें ताकि सुनवाई सुचारू रूप से चल सके। महिला आयोग की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को उनके जिले में ही न्याय दिलाना और कानून के प्रति जागरूक करना है।
