कैथल के 11 युवा अमेरिका से हुए डिपोर्ट
अमेरिका का यही सैन्य विमान डिपोर्ट हुए नागरिकों को लेकर अमृतसर पहुंचा
कैथल खबर (5 फरवरी) : अमेरिका ने भारत के 104 नागरिकों को डिपोर्ट कर वापस भारत भेज दिया है। जिनमें से 11 कैथल जिले के बताए जा रहे हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है। जानकारी अनुसार इनमें से ज्यादातर युवा रोजगार की तलाश में कोई जमीन बेचकर व कोई उधार के लाखों रुपये उठाकर एजेंटों के माध्यम से डोंकी के रास्ते गए थे। अब जब उनके परिजनों को डिपोर्ट की जानकारी मिल रही है तो बैचेन है। गांव अटैला निवासी अमन के परिजनों ने बताया कि अमन 5 महीने पहले ही अमेरिका गया था। वहां जाने के बाद अमेरिका की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तब से वह शरणार्थी था। अब उसे डिपोर्ट कर दिया गया है। अमन के पिता कृष्ण ने बताया कि उन्होंने अमन को विदेश भेजने के लिए करीब 35 लाख रुपए में बातचीत की थी। उनमें से कुछ राशि दे भी दी थी। बाकी राशि ठीक-ठाक पहुंचाने के बाद देने की बात हुई थी। उन्होंने यह राशि अपने रिश्तेदारों, जानकारों व भाईचारे से इक_े करके अमन को विदेश भेजने का प्रयास किया था। परिवार को उम्मीद थी कि वहां पहुंचने के बाद अमन अच्छी कमाई करेगा। जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा, लेकिन अब उनके अरमान धरे रह गए। मामले को लेकर डीएसपी वीरभान ने बताया कि अभी तक उनके पास कोई अधिकारिक सूची नहीं आई है। जैसे ही सूची आएगी तो युवाओं के डिपोर्ट होने के कारण जाने जाएंगे।
