कैथल में 14 मई को होगी बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रील
डीसी अपराजिता ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आगामी 14 मई (गुरुवार) को जिले में दो जगह पर बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रील आयोजित की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा तैयारियों का आकलन करना है। मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसलिए सभी अधिकारी इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे घबराएं नहीं, यह सिर्फ एक अभ्यास है। डीसी अपराजिता मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहीं थीं। बैठक में विभिन्न विभागों की भूमिका, संसाधनों और आपसी समन्वय की समीक्षा की गई। इससे पहले हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्त आयुक्त डा. सुमिता मिश्रा ने राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले बाढ़ मॉक अभ्यास की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीसी अपराजिता ने बताया कि मॉक अभ्यास सुबह नौ बजे शुरू होगा। इसके लिए जिले में दो मुख्य इंसिडेंट साइट निर्धारित की गई हैं, जिनमें कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र शामिल हैं। इन स्थलों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। एडीसी डा. सुशील कुमार इस मॉक ड्रील के ऑवर ऑल इंचार्ज होंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर आपातकालीन कार्यों के समन्वय के लिए लघु सचिवालय स्थित वीसी रूम में अस्थायी जिला एमरजेंसी ऑप्रेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। जहां वे स्वय अन्य वरिष्ठ अधिकारी वहीं से संपूर्ण गतिविधियों की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास मानसून पूर्व तैयारियों को मजबूत करने में अत्यंत सहायक होते हैं। मॉक ड्रील को लेकर प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि साथ ही इस मॉक ड्रील में आपदा मित्र स्वयंसेवकों, रेडक्रॉस स्वयं सेवकों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, नेहरू युवा केंद्र संगठन एवं स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों को भी इस अभ्यास में शामिल करें। सभी अधिकारी अपने अपने संसाधनों की सूची को अपडेट करें। साथ ही 14 मई से पूर्व ‘इंडिया डिजास्टर रिसोर्स नेटवर्क’ पोर्टल पर संसाधनों की सूची अपडेट करें। इस अवसर पर एडीसी सुशील कुमार, एसडीएम संजय कुमार, गुहला चीका एसडीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीएसपी बीरभान, डीआरओ चंद्रमोहन, रोडवेज जीएम कमलजीत चहल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मॉक ड्रील में घबराएं नहीं आमजन
डीसी ने कहा कि यह केवल एक मॉक ड्रिल है, वास्तविक आपदा नहीं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी को भी जोखिम में नहीं डाला जाएगा।
