क्योड़क में डीसी-एसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को गांव क्योड़क में रात्रि प्रवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें डीसी अपराजिता की अगुवाई में जिला प्रशासन ने आमजन की शिकायतें सुनीं और डीसी ने मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। एसपी उपासना ने पुलिस संबंधी शिकायतें सुनीं। पूर्व विधायक लीला राम एवं पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल तंवर ने कार्यक्रम में विशेष रूप से शिरकत की।

          गांव क्योड़क के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किए गए रात्रि प्रवास कार्यक्रम से पूर्व सभी विभागों ने अपने-अपने विभाग की जानकारी देती हुई प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सायं के समय डीसी अपराजिता एवं एसपी उपासना इस आयोजन में पहुंचीं। जहां गांव के सरपंच जसबीर सिंह ने सभी का स्वागत किया। इसके बाद सरपंच जसबीर सिंह ने गांव के तालाब को अमृत योजना के तहत सौंदर्यीकरण किए जाने, बिजली कर्मियों, सफाई कर्मियों, गांव में पेयजल के लिए ट्यूबवेल की संख्या बढ़ाए जाने बारे, ड्रेन के ऊपर दो पुल बनाए जाने बारे, कचरा उठाने के लिए वाहन की व्यवस्था, गांव के कुंती तालाब का जीर्णोद्धार करवाए जाने बारे, आंगनबाड़ी भवनों की संख्या बढ़ाए जाने बारे, पंचायत भवन बनाए जाने बारे, पशु विज्ञान केंद्र का निर्माण कार्य पूरा करवाए जाने सहित कई मांगें रखीं। डीसी ने इन सभी मांगों पर एक-एक करके संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली और निर्देश दिए कि जो भी जिला स्तर पर संभव है, गांव की समस्या का समाधान किया जाए। जिस शिकायत पर कार्रवाई मुख्यालय द्वारा की जानी है, उसके लिए मुख्यालय को लिखकर गांव वासियों की समस्या का समाधान करवाया जाए। डीसी ने बीडीपीओ को गांव में सफाई कर्मचारी बढ़ाए जाने बारे निर्देश जारी किए। साथ सरपंच को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी भवन के लिए डी-प्लान में आवेदन दें।

          इसके बाद गांव वासियों ने पेयजल, आवास योजना का लाभ देने, गली पक्की करवाने, सीवरेज लाइन दुरुस्त करवाने बारे, गांव में सीसीटीवी कैमरे लगवाने बारे, पहलवानों ने अखाड़े के लिए मैट दिलवाए जाने बारे, गांव से गुजरने वाली बसों का ठहराव गांव में ही पुल के नीचे करवाए जाने बारे, क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम में सुविधाएं मुहैया करवाए जाने बारे, स्ट्रीट लाइट ठीक करवाए जाने बारे, पशु अस्पताल में दवाएं उपलब्ध करवाए जाने बारे, बिजली तार चोरी बारे, आंबेडकर भवन व गांव के बस अड्डे पर शौचालय की सुविधा दिए जाने बारे, गली में अवैध कब्जा हटाए जाने बारे सहित कई शिकायतें दीं। डीसी ने गांव में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने के लिए पंचायत विभाग को निर्देश दिए और कहा कि अगले पांच साल तक उनका रखरखाव भी किया जाए। साथ ही कहा कि कुश्ती के मैट भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने अवैध कब्जा हटवाने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सभी शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए।

          डीसी अपराजिता ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा गांव में जाकर जन समस्याओं के निदान के उद्देश्य से रात्रि प्रवास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस आयोजन में जितनी भी शिकायतें आई हैं, उन सभी का आवश्यक समाधान किया जाएगा। उन्होंने गांव वासियों का आह्वान किया कि वे पहले गांव स्तर के कर्मचारी, उसके बाद संबंधित अधिकारी को अपनी समस्याएं बताएं। यदि फिर भी उनका समाधान नहीं होता तो उनके पास आकर समस्या बता सकते हैं। उसका समाधान किया जाएगा। डीसी ने कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

           एसपी उपासना ने अपने संदेश में कहा कि गांव वासी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान में सहयोग करें। पुलिस को पुख्ता सूचनाएं उपलब्ध करवाएं, ताकि नशा करने वालों को मुख्यधारा में लाया जा सके और तस्करी करने वाले को पकड़ा जा सके। उन्होंने गांव वासियों का आह्वान किया कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें। कोहरे के मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें।

          पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आमजन के बीच रहकर समस्याएं सुनते हैं। उनकी उसी नीति के तहत आज जिला प्रशासन ने गांव में पहुंच कर आमजन की समस्याएं सुनीं और डीसी अपराजिता व एसपी उपासना ने मौके पर ही उनका समाधान किया। यह सराहनीय है। इससे गांव में लोगों की समस्याओं का समाधान होगा और विकास कार्याें को तेजी मिलेगी।

          पूर्व जिला अध्यक्ष राजपाल तंवर ने गांव में रात्रि प्रवास कार्यक्रम में पहुंचें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया। ग्राम पंचायत की ओर से गांव के सरपंच जसबीर सिंह ने डीसी अपराजिता, एसपी उपासना, पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व जिला अध्यक्ष राजपाल तंवर, गुर्जर धर्मशाला के प्रधान सुरेश कुमार, ब्लॉक समिति चेयरमैन विनोद कुमार सहित गांव में निशुल्क सेवा करने वाले भगत सिंह गु्रप व अशोक कुमार को सम्मानित किया। वहीं पुलिस कर्मचारी दीपक ने नशा विरोधी शपथ दिलवाई। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य विकास तंवर, पूर्व सरपंच मोहन लाल शर्मा, पूर्व सरपंच रणबीर सिंह, मनी राम सूबेदार, कैप्टन नरेंद्र सिंह, मक्खन सिंह, विक्रम सरपंच दयौरा, राम सिंह खेडा सहित गांव के अनेकों गणमान्य व्यक्ति एवं प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *