प्राइवेट एवं सरकारी स्कूलों में किया गया योग प्रशिक्षण शिविर आयोजन
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वाधान में चल रही योग दिवस की तैयारियों में 28 से 30 मई को जिले के निजी एवं सरकारी विद्यालयों में शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रशिक्षण शिविर आयोजन किया गया। इस तीन दिवसीय शिविर में प्रशिक्षित पीटीआई, डीपीई, आयुष योग सहायकों एवं योग संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को योग की क्रियाएं करवाई गई। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि द्वितीय चरण में स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए योग दिवस प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। क्योंकि बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए नियमित योगाभ्यास बेहद जरूरी है। योग शिवर में योग संस्थाओं पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग, भारतीय योग संस्थान, आयुष योग सहायकों एवं शिक्षा विभाग का अहम योगदान रहा।

इसके अतिरिक्त योग दिवस पर योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 9 से 15 जून तक गांव, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर योग जागरण यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें योग साधक ‘करो योग रहो निरोग‘ के स्लोगन की तख्तियों, पोस्टर के साथ नजर आएंगे। इस योग जागरण यात्रा का मुख्य उद्देश्य योग के प्रति आमजन को जागरूक करना रहेगा। शिक्षा विभाग के डीपीई रमेश चहल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 में बच्चों की जिला एवं ब्लॉक स्तर पर अधिक से अधिक भागीदारी के लिए शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का अभ्यास करवाया गया।
