एनएमएमएस परीक्षा परिणाम में छाया कैथल जिला, प्रदेश में पाया चौथा स्थान
जिले से कुल 130 विद्यार्थियों का हुआ चयन, 95 लड़कियां शामिल
कैथल। जिला गणित विशेषज्ञ एवं जिला नोडल अधिकारी छत्रपाल ने बताया कि राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) के परिणामों में जिला कैथल ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले से कुल 130 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। पूरे कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट की विशेष भूमिका रही है। उनके प्रयासों से जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों को आदरणीय गुरुजनों द्वारा एनएमएमएस की कोचिंग उपलब्ध कराई गई, जिससे विद्यार्थियों ने यह शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि जिले से कुल 130 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिसमें 95 लड़कियां और 35 लडक़े शामिल हैं। कैटेगरी वाइज चयनित विद्यार्थियों की बात की जाए तो सामान्य से 20 विद्यार्थी, बीसी-ए से 47, बीसी-बी से 23, एससी वर्ग से 40 विद्यार्थी शामिल हैं। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
जिला नोडल अधिकारी छत्रपाल ने बताया कि यदि चयनित विद्यार्थी सरकारी स्कूल में अध्ययनरत रहते हैं तो उन्हें नवमी कक्षा से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। छात्रवृत्ति के लिए हर वर्ष विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन करना अनिवार्य रहेगा। आवेदन प्रक्रिया के दौरान संबंधित स्कूल नोडल अधिकारी और फिर जिला नोडल अधिकारी छत्रपाल द्वारा सत्यापन किया जाएगा। तत्पश्चात राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी सत्यापन होगा।
उन्होंने आगे बताया कि जिन विद्यार्थियों ने 7वीं कक्षा में राजकीय विद्यालय से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं और वर्तमान में 8वीं कक्षा भी राजकीय विद्यालय में पढ़ रहे हैं, वे इस योजना के पात्र होते हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग विद्यार्थियों को 5 प्रतिशत अंकों की छूट दी जाती है। उन्होंने कहा कि कैथल ने पूरे हरियाणा राज्य में चौथा स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि सही दिशा में प्रयास किए जाएं तो बड़ी उपलब्धि प्राप्त की जा सकती है।
