कैथल को पंचायती राज दिवस पर 11.45 करोड़ की सौगात
कैथल जिले को प्रदेश सरकार ने पंचायती राज दिवस पर करीब 11 करोड़ 45 लाख रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात प्रदान की। इसके लिए लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय ग्राम उत्थान सम्मेलन का आयोजन किया गया। पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने इनका उद्धाटन किया।

जांबा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज जिले को करीब 11 करोड़ 45 लाख रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी है, इसमें अकेले पूंडरी क्षेत्र में आठ करोड़ के विकास कार्य शामिल हैं। गांव की फिरनियों को पक्का, सामुदायिक केंद्र, ग्राम सचिवालय, योगशालाएं बनवाना व स्ट्रीट लाइटें लगवाना आदि कार्य शामिल हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने सभी को पंचायती राज दिवस की बधाई दी। नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने कहा कि गांव के विकास से ही राष्ट्र का विकास हो सकता है। उन्होंने पंचायत दिवस पर विस्तृत जानकारी भी दी।

जांबा ने बताया कि गांव दुमाड़ा व शिमला में फिरनी के कार्य का शिलान्यास किया। गांव खेड़ी शेरखां, डीग, फरियाबाद, ककहेड़ी, कोटड़ा, मंडवाल, मुंदड़ी, नरवलगढ़, पाई, शादीपुर और सिरसल में बनी फिरनियों का उद्घाटन किया। इसी प्रकार पबनावा, धेरडू, रसीना तथा टीक में सामुदायिक केंद्रों का उद्घाटन किया।

