निकाय चुनाव को लेकर एसपी ने किया मतदान केन्द्रों का दौरा…
निकाय चुनाव को लेकर एसपी ने किया मतदान केन्द्रों का दौरा...
कैथल खबर, (19 फरवरी ) आगामी दो मार्च को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर एसपी राजेश कालिया ने नगर पालिका पूंडरी व कलायत के सभी बूथों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूंडरी में 8 जगह 16 बूथ तथा कलायत में 16 जगह 16 बुथ बनाए गए है। एसपी ने उक्त सभी बूथों का निरीक्षण किया व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा निर्देश दिए। एसपी राजेश कालिया ने कहा कि निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से संपन्न करवाने के लिए कैथल पुलिस कटिबद्ध है। चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदाता पूरी निडरता के साथ अपने विवेक व स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। जहां भी मतदान केन्द्र हैं, वहां पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहें हैं। जिला पुलिस के खुफिया विभाग द्वारा संदिग्ध किस्म के लोगों पर तथा सोशल मीडिया पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। मतदान के दौरान अगर कोई व्यक्ति आमजन को प्रभावित करें तो तुरंत उसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
अफवाहों पर ना दें ध्यानः
एसपी ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव में भाग लें। यदि उन्हें किसी भी तरह की समस्या का सामना करना पड़े तो वे तुरंत पुलिस प्रशासन को 112 पर सूचित करें। साथ ही उन्होंने असामाजिक तत्वों को साफ आगाह किया कि अगर चुनाव में किसी तरह के असामाजिक कार्य करने की मंशा रखते है तो संभल जाए वरना पुलिस सख्त से कदम उठाएगी।
