मतगणना कर्मियों का हुआ प्रथम रेंडमाइजेशन
अधिकारियों से बैठक करती डीसी प्रीति
कैथल खबर (6 मार्च) जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रीति ने बताया कि 12 मार्च को होने वाली निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रथम रेंडमाइजेशन लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में किया गया। रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से जिले की तीनों नगर पालिकाओं सीवन, कलायत व पूंडरी की मतगणना के लिए टीम का चयन किया गया। रेंडमाइजेशन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिला की तीनों नगर पालिका सीवन, कलायत व पूंडरी में प्रधान व पार्षद पद के आम चुनाव हो चुके हैं तथा अब 12 मार्च को मतगणना उपरांत नतीजे घोषित किए जाएंगे। मतगणना के दौरान पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए रेंडमाइजेशन अति महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत होती है। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रथम प्रशिक्षण सात मार्च को लघु सचिवालय के सभागार में 2:30 बजे दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कलायत नगर पालिका के लिए नगर पालिका कार्यालय भवन में, पूंडरी नगर पालिका के लिए एंग्लो संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी में तथा सीवन नगर पालिका के लिए राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। इन्हीं संस्थानों में मतगणना का कार्य किया जाएगा। जिसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। तीनों नगर पालिकाओं में 16-16 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिनकी गणना के लिए तीनों नगर पालिकाओं में आठ-आठ टेबल लगाई जाएंगी और चार राउंड में मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना टीम में प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाईजर, दो मतगणना सहायक शामिल होंगे। इस मौके पर एसडीएम एवं कलायत आरओ अजय हुड्डा, कैथल एसडीएम एवं पूंडरी आरओ अजय सिंह, गुहला एसडीएम एवं सीवन आरओ कैप्टन प्रमेश कुमार, डीआईओ दीपक खुराना व अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूद रहे।
