नशा है नाश की राह, इससे दूर रहें सभी आमजन -सभी अभिभावक रखें अपने बच्चों का ध्यान : डीसी
कैथल खबर (31 जनवरी) : डीसी प्रीति ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है। यह व्यक्ति को नाश की ओर ले जाता है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए आमजन की भागीदारी बहुत जरूरी है। विशेषकर युवाओं को स्वयं भी नशे से दूर रहना चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करना चाहिए। कुछ युवा गलत संगत में पडकऱ नशे की लतों का शिकार हो जाते हैं। इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों का ध्यान रखना चाहिए और उन्हें समय देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल करें। खेलों एवं शिक्षा के क्षेत्र में भाग लेकर अपना तथा अपने परिवार का भविष्य बनाएं। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से कुछ युवा न केवल अपना करियर बर्बाद कर रहे हैं बल्कि अभिभावकों की उम्मीदों को भी धूमिल कर देते हैं। नशे से किसी का भला नहीं हुआ, नशे में युवा न केवल अपना नाश करता है बल्कि परिवार भी इसका शिकार होता है। डीसी ने बताया कि जिला पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी नशे जैसी बुराई के खात्मे के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
