महिलाओं के लिए रिजर्व बैंक द्वारा किया गया वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन
कैथल(कैथल खबर), २७ फरवरी। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कैथल में महिलाओं के लिए वितीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को वितीय जागरूकता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस अभियान के तहत वीरवार को एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 150 महिलाओं और छात्राओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एलडीओ गुरिंदर सिंह, मुख्य एलडीएम एसके नंदा विशेष रूप से मौजूद रहे।
इसी क्रम में इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में भी कॉलेज की छात्राओं के लिए विशेष वितीय साक्षरता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का उद्देश्य छात्राओं को बैंकिंग सेवाओं, वितीय प्रबंधन, बचत योजनाओं, पेंशन योजनाओं, बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था। कार्यक्रम के दौरान वितीय क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और छात्राओं ने बढ़-चढकऱ भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस कार्यक्रम में वितीय विशेषज्ञों ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने वितीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने बताया कि वितीय साक्षरता से महिलाएं न केवल स्वयं को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकती हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए भी सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान बैंकिंग सेवाओं एवं वितीय योजनाओं से संबंधित प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे महिलाएं डिजिटल बैंकिंग एवं अन्य वितीय लेन-देन को समझ सकें। यह कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर डीपीएम एनआरएलएम मनोज कुमार, पूर्व निदेशक पीएनबी आरसेटी श्री धर्मेंद्र कथूरिया, एलडीएम कार्यालय कैथल के अधिकारी प्रवेश मोर तथा एफएलसी अधिकारी अरविंद चावला एवं दिनेश कुमार व नेहा उपस्थित रहे।
