निकाय चुनाव का रिजल्ट कल
अधिकारियों से बैठक करती डीसी प्रीति
कैथल खबर, (11 मार्च ) कैथल के पूंडरी, कलायत और सीवन में निकाय चुनाव मतगणना के लिए द्वितीय रेंडमाइजेशन हुआ। अब 12 मार्च को मतगणना की जाएगी। रेंडमाइजेशन कैथल के लघु सचिवालय में हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रीति ने बताया कि 12 मार्च को कलायत, सीवन, पूंडरी नगर पालिकाओं में अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए मतगणना होगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अधिकारियों व कर्मचारियों की डयूटियों के लिए रेंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। तीनों जगहों पर प्रधान व पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे 180 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा | डीसी ने बताया कि कलायत नगर पालिका के लिए नगर पालिका कार्यालय भवन में, पूंडरी नगर पालिका के लिए एंग्लो संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी में तथा सीवन नगर पालिका के लिए राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मतगणना होगी। मतगणना केंद्रों पर बेरिकेटिंग करवा दी गई है, इसके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। तीनों नगर पालिकाओं में 16-16 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिनकी गणना के लिए तीनों नगर पालिकाओं में आठ-आठ टेबल लगाई जाएंगी और चार राउंड में मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना टीम में प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर, दो मतगणना सहायक शामिल होंगे। एसडीएम एवं कलायत आरओ अजय हुड्डा, कैथल एसडीएम एवं पूंडरी आरओ अजय सिंह, गुहला एसडीएम एवं सीवन आरओ कैप्टन प्रमेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारीगण मतगणना के कार्य को संपन्न करवाएंगे।
