धरने पर बैठा गांव मानस !
कैथल खबर (24 मार्च) :कैथल में गांव के लोगों ने रविवार को मुख्य सड़क पर धरना दिया। शनिवार को कैथल और कुरुक्षेत्र की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक मकान से अवैध अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद की। यहां भ्रूण लिंग परीक्षण का गैरकानूनी काम चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार डॉक्टर के पास से अल्ट्रासाउंड मशीन और 30 हजार रुपए की नकदी मिली। यह काम पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है। वहीं गांव के लोगों का कहना है कि मकान मालिक भी इस अपराध में बराबर का दोषी है। वह अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहता है। ऐसे में उसे इस गैरकानूनी काम की जानकारी न हो, यह संभव नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ साल पहले उनके गांव को बेहतर लिंग अनुपात के लिए सम्मानित किया गया था। इस घटना ने गांव की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनकी मांग है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच हो। साथ ही मकान मालिक समेत सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक मकान मालिक और अन्य दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, उनका धरना जारी रहेगा। गांव के लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाए ताकि गांव का सम्मान दोबारा स्थापित हो सके। गांव वालों का कहना है कि वह ऐसे काम को बर्दाश्त नहीं करेंगे, जिससे उनके गांव की छवि धूमिल हो। ग्रामीणों का स्पष्ट संदेश है कि जब तक सभी दोषियों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
