पट्टी कायस्थ सेठ में व पट्टी गादड़ में पनप रही तीन अवैध कालोनियों में चला डीटीपी का पीला पंजा
जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार ने बताया कि कार्यालय द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से राजस्व संपदा पट्टी कायस्थ सेठ व पट्टी गादड़ में पनप रही तीन अवैध कालोनियों में तोड़फोड़ की कार्यवाही की गई। अवैध कालोनियों में कार्यवाही एचडीआर एक्ट 1975 के प्रावधान अनुसार की गई। इस कार्रवाई के दौरान सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गुरविंद्र सिंह बतौर डयूटी मैजिस्ट्रेट तैनात रहे। जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार ने बताया कि कार्यालय के संज्ञान में राजस्व संपदा पट्टी गादड़ तथा पट्टा कायस्थ सेठ में अवैध कालोनियों के पनपने का मामला संज्ञान में आया था। पट्टी गादड़ में करीब 11.5 एकड़ में दो अवैध कालोनियों विकसित करने का मामला संज्ञान में आया था, जिसके उपरांत कार्यालय द्वारा भूस्वामियों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी करके अवैध कालोनी को रोकने के आदेश दिए गए थे। परंतु भू-स्वामियों द्वारा ना तो मौके पर बनाई जा रही अवैध कालोनी के निर्माण कार्य को रोका गया और न ही विभाग से किसी प्रकार की अनुमति के लिए आवेदन किया। जिसके बाद डीटीपी का अमला पुलिस बल सबसे पहले पट्टी गादड़ में पहुंचा और कालोनी में बनी सीवरेज, कच्ची सड़कें, परिकास्ट बाउंडरी वॉल, तथा पट्टी कायस्थ सेठ में लगभग दो एकड़ पनप रही अवैध कालोनी में डीपीसी, निर्माणाधीन स्ट्रख्र, कंक्रीट टाइल आदि को तोड़ा गया। इसके साथ ही पुलिस को संबंधित भू-मालिकों एवं डीलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत दी गई है। जिला नगर योजनाकार द्वारा आम लोगों से अपील की है कि वे किसी कालोनी में प्लाट लेने से पहले उसकी वैधता जरूर चैक कर लें। उन्होंने बताया कि शहर में अवैध निर्माणों व अवैध कालोनियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
