घग्गर का जल स्तर 23.4 फुट पर, स्थिति सामान्य
घग्गर के जल स्तर के दृष्टिगत एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह क्षेत्र का निरंतर दौर कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसी कड़ी में उन्होंने शुक्रवार को गांव भागल, भूंसला, रत्ताखेड़ा कड़ाम, सिहाली, पपराला, मोहनपुर, मैंगड़ा, बाउपुर, कमहेड़ी, खंबेहड़ा, सरोला, रत्ताखेड़ा लुकमान, बुबकपुर आदि गांवों का दौरा करके स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों की समस्या सुनी और अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश जारी किए। ग्रामीणों को पानी, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

एसडीएम ने कहा कि घग्गर का जल स्तर 23.4 फुट है। कुछ गांवों के खेतों में पानी है। अभी स्थिति सामान्य है। डीसी प्रीति के मार्गदर्शन में गुहला घग्गर से लगते सभी क्षेत्रों की गहनता से निगरानी की जा रही है। गांव में ग्राम सचिव व पटवारी धरातल स्थल की पूरी जानकारी स्थानीय व जिला प्रशासन के संज्ञान में लेकर आ रहे है। अन्य विभागों के उच्च अधिकारियों द्वारा भी गांवों का दौरा किया जा रहा है। ग्रामीणों व किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों पर सिंचाई विभाग द्वारा मिट्टी से भरे कट्टे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। सरोला साइफन से भी गाद व जलखुंबी निकाली जा रही है। घग्गर से लगते गांवों में जेसीबी, पोकलेन व अन्य मशीनें 24 घंटे के लिए तैनात हैं। कहीं तटबंध कमजोर की सूचना मिलते ही तुरंत इन मशीनों को भेजा जाएगा। पानी कुछ गांव के खेतों तक पहुंचा हुआ है। घग्गर के जल स्तर बढ़ने से रत्ताखेड़ा कड़ाम से मोहनपुर जाने वाली सड़क व अन्य दो तीन सड़कों का लेवल नीचा होने के कारण ऊपर से पानी बह रहा है। आबादी में कहीं भी पानी नहीं पहुंचा है।

खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सरपंचों से संपर्क बनाए हुए हैं। रात को गांव में ठीकरी पहरा लगाकर चारों तरफ की निगरानी की जा रही हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है कि वे घग्गर नदी के पास न जाएं। पशुपालन विभाग द्वारा घग्गर के लगते गांवों में टीमें भेजी गई हैं। जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, किसानों को पशुओं के रखरखाव के बारे में पूर्ण जानकारी दी जा रही है। जरूरी दवाइयों का स्टॉक उपलब्ध है। दो मोबाइल वैन इन क्षेत्रों में निरंतर चलाई जा रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ओपीडी के माध्यम से ग्रामीणों का चेकअप किया जा रहा है और जरूरी दवाइयां वितरित की जा रही हैं। पुलिस विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर मुख्य स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। जन स्वास्थ्य विभाग पेयजल आपूर्ति व बिजली विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से करवाई जा रही है। इस मौके पर तहसीलदार रविंद्र हुड्डा, प्रवीण कुमार कानूनगो सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
