कैथल पुलिस ने दबोचे नंदू गैंग के 3 शूटर
जिला पुलिस द्वारा संगठित अपराध पर एसपी उपासना के निर्देशानुसार नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नंदू गैंग से जुड़े तीन सक्रिय सदस्यों को अवैध हथियारों व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 देसी पिस्तौल, 4 मैगजीन व 15 कारतूस बरामद हुए। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एचसी हरीश कुमार की टीम क्षेत्र में गश्त व अपराधियों की धरपकड़ के लिए निकली हुई थी। इसी दौरान शाम के समय गांव मुंदड़ी के पास नहर पुल पर टीम को सहयोगी सूत्रों से एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि पुंडरी से फरल रोड पर सिरसा ब्रांच नहर पुल के पास तीन युवक एक मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। सूचना के अनुसार तीनों युवक नजफगढ़ निवासी कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू की गैंग से जुड़े हुए हैं और उसके इशारे पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस वाहन को आते देख तीनों युवक भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान गांव नैना निवासी करण उर्फ अंकुश व सौरभ उर्फ बाबा तथा गांव जलमाणा जिला करनाल निवासी सुमित उर्फ सिमी के रूप में हुई है। जांच के दौरान आरोपी करण के कब्जे से एक देशी पिस्तौल .32 बोर व 6 जिंदा कारतूस, आरोपी सौरभ के कब्जे से एक देशी पिस्तौल .32 बोर व 5 जिंदा कारतूस तथा आरोपी सुमित के कब्जे से दो मैगजीन व 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे गैंग लीडर कपिल सांगवान उर्फ नंदू व उसके सहयोगी साहिल के कहने पर गैंग के अन्य सदस्यों से हथियार लेकर वारदात के बाद उन्हें आगे पहुंचाने का काम करते हैं। प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया की नंदू गैंग दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व पंजाब में फिरौती, सुपारी किलिंग, जमीन कब्जे व अवैध हथियार सप्लाई जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल रही है। आरोपियों द्वारा कुछ दिन पूर्व कॉन्ट्रेक्ट लेकर एक व्यक्ति पर गाड़ी की टककर मारकर हमला किया था। आरोपियों द्वारा नजफगढ़ में फिरौती मांगने व फायरिंग की वारदात करने के लिए 2 व्यक्तियों की रेकी करने की वारदात भी कबुल की गई है। इसके अलावा आरोपियों द्वारा कुछ दिन पूर्व दिल्ली में गैंग के अन्य सदस्यों को 3 अवैध असले सप्लाई करना भी कबुल किया गया है। आरोपियों के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज करके मौके पर पहुंचे एएसआई तरसेम कुमार द्वारा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी शनिवार को अदालत में पेश किए गए, जहां से व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी करण व सुमित का 5 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया, जबकि आरोपी सौरभ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
