17.37 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी काबू
जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ एसपी उपासना के आदेशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सैल को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना राजौंद क्षेत्र से एक आरोपी को 17.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक सैल के एएसआई राजेश कुमार की टीम अपराध की रोकथाम हेतु गश्त पर थी। इसी दौरान बस अड्डा राजौंद के पास एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि राजौंद निवासी प्रवीण हेरोइन (चिट्टा) का नशा करने व बेचने का कार्य करता है और अनाज मंडी के पास घूम रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी गठित कर बताए गए स्थान बीर बागड़ा रोड राजौंद पर दबिश दी। मौके पर एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम ने तत्परता से काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान प्रवीण कुमार निवासी राजौंद के रूप में बताई। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे तहसीलदार कलायत अजय कुमार के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से एक पॉलीथिन से 17.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज करके मौके पर पहुंचे एएसआई जगभान द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जिससे पूछताछ की जा रही है।
