राशन डिपो में चोरी करने वाला आरोपी काबू
थाना शहर क्षेत्र अंतर्गत सरकारी राशन डिपो में हुई चोरी के मामले को त्वरित कार्रवाई दौरान सुलझाते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ द्वारा एक आरोपी को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि संजय कुमार निवासी खुराना रोड कैथल की शिकायत अनुसार वह सिरटा रोड बिजली घर के पास सरकारी राशन डिपो चलाता है। 19 मार्च की सुबह सूचना मिलने पर जब वह दुकान पर पहुंचा तो शटर खुला मिला और ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पाया गया कि अज्ञात चोर दुकान से 4 पेटी तेल, 4 कट्टे चीनी व 10 कट्टे गेहूं चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ प्रभारी एसआई प्रदीप की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी सिरटा रोड़ कैथल निवासी शुभम को काबू कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने डिपो में चोरी की वारदात को अंजाम देना कबुल किया। आरोपी के कब्जे से 3 गेहूं कट्टे, 2 चिन्नी कट्टे, 11 बोतल तेल तथा 1 हजार रूपये बरामद किए गए। शनिवार को आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
