इग्नू में दाखिला लेने के लिए 10 अप्रैल तक करें आवेदन
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि अब 10 अप्रैल 2026 कर दी गई है। यह निर्णय उन विद्यार्थियों के हित में लिया गया है जो किसी कारणवश अब तक किसी कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रवेश नहीं ले पाए हैं। उन्होंने बताया कि इग्नू में विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा कार्यफ्मों में प्रवेश प्रक्रिया वर्तमान में जारी है, जो विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जो विद्यार्थी पहले से किसी अन्य संस्थान में नियमित पाठ्यक्रम (रेगुलर मोड) में अध्ययन कर रहे हैं, वे भी इग्नू से एक अतिरिक्त डिग्री या डिप्लोमा कोर्स कर सकते हैं। इससे उनके करियर विकल्पों का विस्तार होगा और वे विभिन्न विषयों में गहन ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। इग्नू में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक विद्यार्थी अपने एंड्रॉइड फोन या कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी विद्यार्थी को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना करना पड़ता है, तो वे अपने नजदीकी अध्ययन केंद्र या क्षेत्रीय केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
