क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करवाने के नाम पर 60 हजार की साइबर ठगी…3 आरोपी काबू
जहां पर कैथल पुलिस द्वारा समय समय पर आमजन को साइबर अपराधो पर जागरूक किया जा रहा है, वहीं पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार साइबर अपराधियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसे ही एक मामले ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता हुड्डा सेक्टर-19 कैथल निवासी अनमोल मेहंदी रत्ता कि शिकायत अनुसार वह घर पर रहकर ट्रेडिंग एवं ब्रोकिंग का कार्य करता है तथा उसके पास आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड है। दिनांक 18 मार्च को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया जिसने स्वयं को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया। आरोपी ने उसको कहा कि उसके लिए एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड का ऑफर आया हुआ है तथा पुराने कार्ड को एक्टिवेट करने की प्रक्रिया बताने लगा। आरोपी ने उसके मोबाइल पर एक फर्जी लिंक भेजा और कहा कि इस लिंक के माध्यम से कार्ड एक्टिवेट किया जाएगा। वह उनकी बातों में आकर लिंक खोल लिया विकल्प पर क्लिक कर अपनी बैंक संबंधी जानकारी भर दी। इसके कुछ देर बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर ओटीपी आने लगे और उसके आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 60 हजार रुपये कटने का मैसेज प्राप्त हुआ। जिस बारे थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज कर लिया गया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम प्रभारी एसआई रणदीप सिंह की अगुवाई में एएसआई नरेश कुमार की टीम द्वारा आरोपी केशव तिवारी व अजय कुमार निवासी सोनिया विहार नई दिल्ली तथा संतोष कुमार निवासी जे.जे. कैंप बदली दिल्ली को काबू किया गया है। सभी आरोपी उक्त ठगी मामले में शामिल थे। कैथल साइबर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मामले में ठगी गई राशि को होल्ड करवा दिया गया था। आरोपी केशव का तीन दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया हैं, जबकि शेष दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया हैं।
