वृंदावन गार्डन कैथल में मनाई जाएगी महर्षि कश्यप जयंती
इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि आगामी 24 मई को कुरुक्षेत्र रोड पर स्थित वृंदावन गार्डन में महर्षि कश्यप जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। महर्षि कश्यप ने पूरे समाज को नई राह दिखाई थी। महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार ने संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई जा रही है। जो इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। कैथल में आयोजित होने वाले महर्षि कश्यप जयंती समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इसमें भारी संख्या में समाज के लोग भाग लेंगे। जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक में विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि हरियाणा सरकार सभी वर्गों के हितों के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में संत महापुरुषों की जयंतियां सरकारी तौर पर मनाई जाती हैं। इसी संदर्भ में कैथल में महर्षि कश्यप जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। पहले इस कार्यक्रम के लिए विस्तार अनाज मंडी का स्थान निश्चित किया गया था। जिसे अब बदलकर वृंदावन गार्डन कुरुक्षेत्र रोड कर दिया गया है। जहां भारी संख्या में समाज के लोग भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि जयंती समारोह के लिए तैयारियां जोरों पर जारी हैं। इस आयोजन को लेकर समाज में विशेष उत्साह है और लोग पूरे उत्साह व जोश के साथ इस आयोजन में भाग लेंगे। दूसरी ओर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, समाज के गणमान्य लोगों नरेश कश्यप बाबा लदाना, शमशेर सिंह एसडीओ, सुरेश कश्यप ने व प्रशासन की ओर से एडीसी डा. सुशील कुमार ने आयोजन स्थल का दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। बिजली, पानी, शौचालयों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाए।
