मंदिर की प्राचीन छड़ियों से 1 किलो चांदी चोरी, महंत समेत सुनार गिरफ्तार
गांव रामथली स्थित बाबा दरबारपुरी की प्राचीन समाधि में रखी छड़ियों से चांदी चोरी करने के मामले में सीआईए कलायत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेरा बाबा दरबारपुरी रामथली के महंत को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मंदिर की प्राचीन छड़ियों से उतारी गई चांदी को एक सुनार को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने चांदी खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलोग्राम चोरीशुदा चांदी बरामद की गई है।
मंदिर की सफाई के दौरान सामने आया मामला
डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव रामथली निवासी महावीर शर्मा की शिकायत पर यह मामला सामने आया। शिकायत के अनुसार गांव में बाबा दरबारपुरी की प्राचीन समाधि स्थित है। यहां बाबा दरबारपुरी के गद्दी वाले कमरे में दो प्राचीन छड़ियां रखी हुई थीं। इन छड़ियों पर चांदी की परत लगी हुई थी और इनमें चांदी के साथ धातु से पुरानी निकासी भी जुड़ी हुई थी।
18 अगस्त को शिकायतकर्ता मंदिर के कमरे की सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि दोनों प्राचीन छड़ियों पर भगवा रंग का कपड़ा लिपटा हुआ था। उसने मंदिर के सेवादारों और मंदिर में रहने वाले महंत अमरनाथ पुरी को बुलाकर छड़ियां दिखाईं।
जब छड़ियों से भगवा कपड़ा हटाकर देखा गया तो उन पर लगी पुरानी चांदी की परत गायब मिली। इस संबंध में महंत अमरनाथ पुरी से पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
करीब 1 किलो चांदी की परत लगी थी
पुलिस के अनुसार दोनों प्राचीन छड़ियों पर करीब एक किलोग्राम चांदी की परत लगी हुई थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना गुहला में केस दर्ज किया गया और जांच सीआईए कलायत को सौंपी गई।
सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेंद्र सिंह की टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महंत अमरनाथ पुरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सुनार का नाम आया सामने
पुलिस के मुताबिक महंत से व्यापक पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि मंदिर की प्राचीन छड़ियों से उतारी गई चांदी उसने गांव रामथली में स्थित दुकान के मालिक नानूराम, निवासी हनुमान कॉलोनी, चीका को बेच दी थी।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चांदी खरीदने वाले आरोपी सुनार नानूराम को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों से चोरी की चांदी बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलोग्राम चोरीशुदा चांदी बरामद कर ली है। पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
