प्लाट बेचने का झांसा देकर 1.22 करोड़ की ठगी, आरोपी काबू
प्लाट बेचने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में इक्नोमिक सैल कैथल द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभिषेक गुप्ता निवासी सेक्टर 20 हुडा, कैथल की शिकायत के अनुसार, आरोपीगण स्नेहलता, सुनील कुमार व ऋषभ निवासी सेक्टर 19 कैथल ने डीलरों के माध्यम से उससे व उसकी पत्नी से संपर्क कर हुडा सेक्टर 21 कैथल स्थित प्लाट नंबर 690-P को बेचने की बात कही। प्लाट का सौदा 3 करोड़ 50 लाख रुपए में तय हुआ तथा इस संबंध में लिखित इकरारनामा किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने विभिन्न तिथियों में उससे कुल 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपए प्राप्त कर लिए। विश्वास कायम करने के लिए हुडा विभाग से शिकायतकर्ता की पत्नी निशि गोयल के नाम प्लाट ट्रांसफर करने की परमिशन भी जारी करवाई गई। बाद में समय पर रजिस्ट्री न करवाने पर शिकायतकर्ता को आरोपियों की नीयत पर शक हुआ। हुडा विभाग से जानकारी लेने पर पता चला कि आरोपियों ने निशि गोयल के नाम जारी ट्रांसफर परमिशन रद्द करवा दी तथा उसके नाम से कथित तौर पर फर्जी बयान हल्फिया हुडा विभाग में पेश किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी पत्नी ने ऐसा कोई बयान हल्फिया हस्ताक्षरित नहीं किया था। आरोपियों से पैसे वापस मांगने व प्लाट के संबंध में बातचीत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। जिस बारे थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच इक्नोमिक सैल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआई सुरेंद्र द्वारा करते हुए आरोपी सेक्टर 19 कैथल निवासी लक्ष्य को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी लक्ष्य भी उक्त ठगी की वारदात में शामिल है। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया गया, आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
