विदेश भेजने के नाम पर 1 लाख 95 हजार की ठगी करने के मामले में तीसरा आरोपी काबू
विदेश भेजने के सब्जबाग दिखाकर आमजन से लाखों रुपए ठगी करने वालो आरोपियों पर एसपी उपासना के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसे ही एक मामले में पति-पत्नी को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के एक मामले की जांच थाना गुहला पुलिस एएसआई संदीप कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी बरनाला पंजाब निवासी नवजोत सिंह को काबु कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वार्ड नं 10 गुहला निवासी संदीप सिंह की शिकायत अनुसार वह और उसकी पत्नी मनप्रीत कौर पुर्तगाल जाना चाहते थे। उनकी मुलाकात नवजोत, अवतार, गगनजोत व गंगों से उसके अपने घर पर हुई। जिसमें उनको कहा गया कि नवजोत सिंह दुबई में काम करता है और वहीं पर लोगों को अच्छी नौकरी दिलवाने का दावा करता है। इसी बहाने से सितंबर 2022 में उससे 1 लाख रुपये नकद, पासपोर्ट और आवश्यक दस्तावेज ले लिए और कहा कि फरवरी 2023 तक वीजा लग जाएगा। बाद में 20 फरवरी 2023 को आरोपी ने फोन कर बताया कि वीजा लग चुका है और 28 फरवरी को दुबई जाने के लिए कहा। लेकिन यात्रा के दिन उसे व उसकी पत्नी को विदेश नहीं भेजा गया और उसे वापस लौटा दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने 70,000 रुपये और मांगे तथा गुगल कॉल पर उसको आश्वासन देते रहे। 11 मार्च 2023 को उसके साला हीरा सिंह द्वारा 25,000 रुपये और जमा कराए गए। लेकिन इसके बावजूद भी आरोपियों ने उसे व उसकी पत्नी को विदेश नहीं भेजा। बाद में उसे पता चला कि आरोपी अपने ठिकाने से फरार हो गए हैं और विदेश में भी अपना नंबर बदल चुके हैं। जिस बारे थाना गुहला में मामला दर्ज कर लिया गया। उपरोक्त मामले में पहले ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं। आरोपी नवजोत को अदालत में पेश करके न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
