लूट की कोशिश करने वाले 2 नाबालिग काबू

चीका क्षेत्र में देर रात पटियाला रोड पर एक कार सवार युवकों के साथ लूटपाट का प्रयास करने के मामले की जांच थाना चीका प्रभारी एसआई प्रवीन कुमार की अगुवाई में एएसआई जयपाल सिंह की टीम द्वारा करते हुए गांव सैर निवासी 17 वर्षीय व बाबा बस्ती चीका निवासी 16 वर्षीय नाबालिग को निरुध कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की नवाब अली निवासी गांव झंडी जिला पटियाला पंजाब की शिकायत अनुसार वह अपने दोस्त हरविंदर सिंह के साथ गाड़ी में सवार होकर कुरुक्षेत्र से अपने गांव लौट रहा था। रात करीब 12:15 बजे जब वे चीका चौक से पटियाला रोड की तरफ मुड़े तो पीछे से एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार 7-8 युवकों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर जबरदस्ती रोकने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता द्वारा गाड़ी तेज गति से भगाने पर आरोपी लगातार पीछा करते रहे। टटियाना गांव के पास आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी शिकायतकर्ता की गाड़ी के आगे अड़ा कर उसे रुकवा लिया। इस दौरान एक युवक, जिसने अपना नाम सुखदेव उर्फ सुखा निवासी चीका बताया, गाड़ी से नीचे उतरा और शिकायतकर्ता की गाड़ी की चाबी निकाल ली। आरोपी ने  जान से मारने की धमकी देकर सोने का कड़ा, चैन और नकदी मांगनी शुरू कर दी। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार अन्य युवक भी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। शिकायतकर्ता व उसका साथी मौका पाकर वहां से भागकर कुछ दूरी पर लगे पुलिस नाका पर पहुंचे। आरोपी भी उनके पीछे-पीछे स्कॉर्पियो लेकर पुलिस नाका तक पहुंच गए। पुलिस कर्मचारियों द्वारा गाड़ी रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार से पुलिस कर्मचारियों की तरफ चढ़ाने की कोशिश की, जिससे पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बचे। तत्पश्चात थाना चीका एसएचओ एसआई प्रवीण कुमार की अगुवाई में थाना चीका पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 4 आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया था। मामले की आगामी जांच में सामने आया कि उक्त दोनो नाबालिग भी लूटपाट की वारदात में शामिल थे। जिन्हें न्यायालय के आदेशानुसार बाल सुधार गृह करनाल जेल में भेज दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *