31 किलो अफीम तस्करी मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में जिला कैथल को नशा मुक्त रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों तहत नशा तस्करों की जड़ मुल तक पहुंचते हुए नशा सप्लाई करने वाले आरोपियों की भी निरंतर धरपकड़ की जा रही है। इसी कड़ी में वर्ष 2020 दौरान 31 किलोग्राम अफीम बरामदगी मामले में वांछित सप्लायर आरोपी को सीआईए गुहला द्वारा काबू किया गया है।
डीएसपी गुहला हरदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 जून 2020 को तत्कालीन सीआईए-2 के एएसआई प्रदीप कुमार की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना मिलने उपरांत संजय बस्ती चीका स्थित रमेश कुमार के मकान पर दबिश दी गई, जहां मकान के सामने 3 संदिग्ध युवक एक हिरो स्प्लैंडर प्रो बाइक पर बैठे थे, जिनमें से बाइक चालक रमेश कुमार वासी संजय बस्ती चीका को पुलिस द्वारा काबु कर लिया गया। जबकि उसकी बाइक पीछे बैठे 2 युवक पुलिस को देखकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। जिनकी पहचान अशोक कुमार निवासी संजय बस्ती चीका तथा शेर सिंह उर्फ शेरा निवासी अगौंध के रूप में कर ली गई। तलाशी दौरान आरोपी रमेश के कब्जे से एक पॉलिथीन में एक किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस द्वारा की गई व्यापक जांच दौरान जब आरोपी रमेश के मकान की तलाशी ली गई, तो उसके मकान अंदर दीवान बैड में रखे हुए दो प्लास्टिक कट्टो में पॉलीथिन के अंदर 15-15 किलो अफीम समेत पुलिस द्वारा कुल 31 किलोग्राम अफीम बरामद की गई थी। थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले में फरार आरोपी अशोक कुमार व शेर सिंह सहित कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है। जांच दौरान खुलासा हुआ कि यह अफीम संजय बस्ती चीका निवासी अशोक उर्फ शौकी द्वारा सप्लाई की गई थी। आरोपी अशोक वर्ष 2020 से ही निरंतर भूमिगत चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस की तरफ से 5 हजार का इनाम घोषित किया गया था। मामले की आगामी जांच सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में पीएसआई सनेश की टीम द्वारा करते हुए पटियाला रोड चीका से आरोपी अशोक निवासी संजय बस्ती चीका को काबू किया गया। आरोपी को न्यायालय द्वारा 30 अप्रैल 2025 को भगौड़ा भी घोषित किया गया है। आरोपी पर पहले भी नशा तस्करी सहित 4 मामले दर्ज है। आरोपी न्यायालय में पेश किया जाएगा, जिससे पूछताछ की जा रही है।
